पंचायत चुनावों की मतगणना कल, सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना
हरिद्वार को छोड़ राज्य के शेष सभी 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी निगाहें नतीजों पर टिक गई हैं। इसके लिए इन जिलों के 89 विकासखंड मुख्यालयों में 31 जुलाई को होने वाली मतगणना के दृष्टिगत राज्य निर्वाचन आयोग ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार के अनुसार मतगणना के लिए संबंधित जिलों में तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। 15 हजार से अधिक कर्मचारियों को मतगणना के कार्य में लगाया जाएगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था में आठ हजार सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे।
जैसे-जैसे मतगणना पूरी होगी, वैसे-वैसे पदवार निर्वाचन की घोषणा की जाएगी। जिला पंचायत सदस्य पदों के निर्वाचन की घोषणा जिला मुख्यालय से होगी, जबकि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम पंचायत सदस्य पदों के निर्वाचन की घोषणा ब्लाक मुख्यालयों से की जाएगी।
