देहरादून ईडी दफ्तर का कांग्रेस ने किया घेराव, बड़ी संख्या में पहुंचे पार्टी कार्यकर्ता
ईडी और सीबीआई के दुरूपयोग का आरोप लगाते हुये देहरादून में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। जिसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ईडी दफ्तर का घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता ईडी दफ्तर के बाहर पहुंचे। ईडी और केन्द्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुये कार्यकर्ता ईडी दफ्तर की ओर बढ़ने लगे लेकिन पुलिस ने यहां कार्यकर्ताओं को रोक लिया। जिसके बाद तमाम नेता बैरिकेडिंग के उपर चढ़कर बैठ गये। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा के नेतृत्व में ईडी दफ्तर का घेराव किया गया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मौजूदा बीजेपी की सरकार चुनचुनकर विपक्षी नेताओं को परेशान कर रही है, जबकि मामले में कुछ भी नहीं निकलता, ये लोकतंत्र के लिये अच्छा नहीं है। गणेश गोदियाल ने यहां तक कहा कि जो नेता ईडी सीबीआई से डरकर भाजपा में शामिल हो जाते हैं वो उसके बाद पाक साफ कैसे हो जाते हैं। जबकि कई नेता कांग्रेस में ऐसे हैं जिन्हें कहा गया है कि आप कांग्रेस में रहिए मगर काम भाजपा के लिये करिए।