मुख्यमंत्री आवास में सीएम पुष्कर सिंह धामी का हुआ भव्य स्वागत, मां और पत्नी ने आरती उतारकर किया स्वागत
उत्तराखंड का एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाए जाने और राजभवन में सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद मुख्यमंत्री आवास पहुंचे सीएम पुष्कर सिंह धामी का परिजनों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान सभी के चेहरे की खुशी देखने लायक थी। सोमवार को शाम पुष्कर सिंह धामी अपने मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। यहां उनकी मां और पत्नी पहले से ही उनका बेसब्री से इंतजार कर रही थी। जैसे ही वह भीतर पहुंचे तो मां और पत्नी व अन्य रिश्तेदारों ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया। मां ने पुष्प बरसाने के बाद बेटे धामी को प्यार किया। तिलक लगाया। आरती उतारी और इसके बाद उन्हें अपने हाथों से बनाई हुई खीर खिलाई। इस दौरान बाहर कार्यकर्ता लगातार पुष्कर सिंह धामी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे जिससे सीएम आवास नारों की गूंज से झूमता रहा। प्रदेश के 12वें मुख्यमंत्री की शपथ लेने जा रहे पुष्कर सिंह धामी ने सबसे पहले मां का आशीर्वाद लिया। मुख्यमंत्री आवास देर रात तक जश्न में डूबा रहा। बड़ी तादाद में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे और उन्होंने खूब पटाखे फोड़े और हवा में रंग उड़ाए और खुशियों की होली मनाईं।