Saturday, April 20, 2024
उत्तराखंडदेहरादून

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से सीएम धामी की शिष्टाचार भेंट, राज्य में विकास को लेकर चर्चा

-आकांक्षा थापा

उत्तराखंड में सियासी उठा-पटक के बाद राज्य को 11वें मुख्यमंत्री मिले, वहीं सीएम पुष्कर सिंह धामी ने जब से कमान संभाली है तब से वे एक्शन मोड में नज़र आ रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार सीएम धामी नई दिल्ली के दौरे पर हैं। वे आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट करेंगे, इसके साथ ही उनका केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात का कार्यक्रम है।

आपको बता दें, मुख्यमंत्री कल यानि शुक्रवार शाम सात बजे नई दिल्ली के लिए रवाना हो गए और आज सुबह प्रधानमंत्री से भेंट करेंगे…… वहीँ दोपहर के करीब एक बजे वह राष्ट्रपति से भेंट करेंगे। जिसके बाद, तीन बजे उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और शाम पांच बजे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट होगी।
मुख्यमंत्री शाम 5.20 बजे भारी उद्योग मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, शाम छह बजे नवीन एवं नवीनीकरणीय ऊर्जा मंत्री राजकुमार सिंह से भेंट करेंगे। उनका अन्य केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात का कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री धामी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. जेपी नड्डा से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे।

आपको बता दें, मुख्यमंत्री के साथ अधिकारियों की एक टीम भी गई है। मुख्य सचिव डॉ. सुखबीर सिंह संधू के अलावा कुछ अन्य अधिकारी इस टीम का हिस्सा हैं। भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री कुछ केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात कर सकते हैं। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री मंत्रालयों से संबंधित मसलों की पैरवी करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान आशीर्वाद लेने के साथ उन्हें राज्य में कोविड महामारी की रोकथाम, तीसरी लहर से निपटने की तैयारी, टीकाकरण अभियान के बारे में जानकारी देंगे। साथ ही राज्य में चल रही केंद्रीय योजनाओं मसलन चारधाम ऑलवेदर रोड, ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन परियोजना और केदारनाथ पुनर्निर्माण योजना के बारे में जानकारी देंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *