नहीं रहे राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य पुजारी, पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित का हुआ निधन
राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य पुजारी रहे पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित का निधन हो गया है। उन्होंने आज काशी स्थित घर पर अंतिम सांस ली। सुबह अचानक उनकी तबीयत खराब हुई और कुछ देर बाद उनका निधन हो गया।
अयोध्या में निर्माणाधिन राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा इस साल 22 जनवरी को हुई थी। प्राण प्रतिष्ठा के दौरान मुख्य पुजारी पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित थे।
उन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल रहकर 121 वैदिक ब्राह्मणों का नेतृत्व किया था। जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी यजमान के तौर शामिल हुये थे।
इसके अलावा उन्होंने दिसंबर 2021 में काशी विश्वनाथ धाम लोकार्पण के पूजन कार्यक्रम को भी संपन्न कराया था।
पंडित लक्ष्मीकांत दीक्षित की भारतीय सनातन संस्कृति और परंपरा में गहरी आस्था थी। दीक्षित परिवार द्वारा महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ग्वालियर, राजस्थान और देश के प्रमुख राजघरानों के राज्याभिषेक संपन्न कराये गये हैं। इसके अलावा ये भी कहा जाता है कि छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक में भी दीक्षित परिवार की पुरानी पीढ़ियों का योगदान रहा है।