देहरादून-पुष्कर सिंह धामी सरकार का आगामी बजट सत्र देहरादून के बजाय राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में आयोजित किया जाएगा। गैरसैंण में बजट सत्र कराये जाने को लेकर विधानसभा सचिवालय ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। हालांकि अभी सरकार की ओर से गैरसैंण में सत्र कराये जाने को लेकर आधिकारिक प्रस्ताव नहीं आया है लेकिन बताया जा रहा है कि सीएम धामी गैरसैंण में सत्र आहूत करने के पक्ष में हैं। बतौर सीएम पुष्कर सिंह धामी का गैरसैंण में यह पहला सत्र होगा। आपको बता दें कि सरकार वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिये बजट लाने की तैयारियों में जुटी हुई है। उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार इस बार के बजट में आम आदमी के सुझाव को शामिल करने जा रही है। इसके लिए राज्य सरकार कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में बजट-पूर्व संवाद का आयोजन कर रही है। इस कार्यक्रम के जरिए लोगों से सीधे सुझाव लिए जा रहे हैं। साथ ही मेल के जरिए सुझाव मांगे जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल जनता और प्रतिनिधियों से संवाद के जरिए बजट-पूर्व संवाद कर रहे हैं। वित्त विभाग की ओर से विभिन्न विभागों से बजट के बारे में प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। बजट स्टेक होल्डर्स कंसल्टेंशन के तहत बजट 2022-23 के निर्माण में गढ़वाल और कुमायूं मंडल में प्रतिनिधि समूहों के साथ प्रदेश के वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पहली बार एक संवाद कार्यक्रम के तहत वार्ता कर रहे हैं। सरकार बजट 2022-23 के निर्माण में जन सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए पहली बार एक संवाद कार्यक्रम भी करने जा रही है।