पंजाब के सीएम पद की शपथ लेंगे भगवंत मान, शहीद-ए-आजम भगत सिंह के पैतृक गांव में आयोजित होगा शपथ ग्रहण समारोह
आम आदमी पार्टी की प्रचंड जीत के बाद भगवंत मान आज नवांशहर के खटकड़ कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। खटकड़ कलां शहीद-ए-आजम भगत सिंह का पैतृक गांव है। इस समारोह को यादगार बनाने के लिए आम आदमी पार्टी ने पूरा जोर लगाया हुआ है। आज भगवंत मान अकेले शपथ लेंगे और बताया जाता है कि उनके मंत्री 19 मार्च को शपथ लेंगे। भगवंत मान शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। वह प्रदेश के 26वें मुख्यमंत्री होंगे, हालांकि पंजाब पुनर्गठन (1966) के बाद वह 19वें मुख्यमंत्री होंगे। बताया जा रहा है कि विभिन्न जिलों से लोगों को भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में लाने के लिए दो हजार बसों का भी प्रबंध किया गया है। समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की पूरी कैबिनेट नवांशहर के खटकड़ कलां पहुंचेगी। जानकारी के मुताबिक गोवा से दो विधायक, उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार और उत्तराखंड से भी आम आदमी पार्टी के नेताओं को निमंत्रित किया गया है।