केदारनाथ में भाजपा से आशा नौटियाल, कांग्रेस से मनोज रावत को टिकट
बीजेपी ने बीते दिन देर रात केदारनाथ उपचुनाव के लिए पूर्व विधायक आशा नौटियाल को प्रत्याशी घोषित कर दिया। लंबी माथापच्ची के बाद भाजपा आलाकमान ने ये निर्णय लिया है। वर्तमान में आशा नौटियाल भाजपा महिला मोर्चे की अध्यक्ष हैं।
केदारनाथ उपचुनाव के लिये भाजपा में कुलदीप रावत, शैलारानी रावत की बेटी ऐश्वर्य रावत, कर्नल अजय कोटियाल जैसे कई नाम थे मगर भाजपा ने आशा नौटियाल पर भरोसा जताया। जबकि इससे पहले एक बार टिकट नहीं मिलने पर आशा नौटियाल निर्दलीय यहां चुनाव भी लड़ चुकी हैं।
वहीं कांग्रेस के बात करें तो कांग्रेस ने भी लंबे मंथन के बाद पूर्व विधायक मनोज रावत के नाम पर मुहर लगाई है। जबकि कांग्रेस में भी एक दर्जन दावेदार टिकट की रेस में शामिल थे।
भाजपा और कांग्रेस के दोनों उम्मीदवारों का आज नामांकन होना है।
केदारनाथ विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को वोट डाले जाएंगे और 23 नवंबर को मतगणना होनी है।