Friday, April 26, 2024
उत्तराखंड

उत्तराखण्ड जाखन नदी में बनी कृत्रिम झील, बड़ी तबाही का बन सकती है सबब

राजधानी देहरादून के डोईवाला ब्लॉक में स्थित सूर्यधार बांध से लगभग 3 किमी आगे कृत्रिम झील बन गई है। सैबूवाला गांव के पास जाखन नदी में बनी यह झील बड़ी तबाही का कारण बन सकती है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद प्रशासन और विभागीय टीम ने इस क्षेत्र का निरीक्षण किया है। आपको बता दें कि देहरादून के डोईवाला ब्लॉक में सूर्यधार झील है। इस झील से आगे की ओर एक कृत्रिम झील तैयार हो गई है। क्षेत्रीय निवासी विशाल तोमर ने इस झील को सबसे पहले देखा था। जिसके बाद उन्होंने स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि इठराना कालबना कुखुई मोटर मार्ग के निर्माण कार्य से निकला मलबा नदी में फेंका जा रहा है जिसके चलते नदी का मार्ग अवरूद्ध हो गया है। और इस स्थान पर झील का निर्माण हो गया है। वहीं सड़क निर्माण का कार्य करा रहे पीएमजीएसवाई के एक्सईएन ने कहा है पहाड़ के दरकने से मलबा नदी में गिरा है बावजूद इसके नदी से मलबा हटा लिया जाएगा। सिंचाई विभाग ने मौके पर पहुंचकर झील का मुआयना किया है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि झील में पानी लगातार भर रहा है झील के मुहाने को और चौड़ा किये जाने की आवश्यकता है। लिहाजा पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को झील के मुहाने से मलबा हटाने को कहा गया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, एनडीआरएफ समेत प्रशासन के लोगों ने यहां का निरीक्षण भी किया है। कृत्रिम झील का मुआयना कर इसकी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है। ये झील 100 मीटर लंबी, 36 मीटर चौड़ाई, साढ़े 3 मीटर गहरी है। जिसका पानी निकालने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *