Monday, January 19, 2026
उत्तराखंड

मोहब्बेवाला में फिर भीषण हादसा, तेज़ रफ्तार ट्रक ने छह गाड़ियों को रौंदा, चालक को आई नींद की झपकी

मोहब्बेवाला इलाके में शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे एक खौफनाक सड़क हादसा हुआ, जब मोहंड की तरफ से आए एक तेज रफ्तार ट्रक ने छह गाड़ियों को टक्कर मार दी। और खुद रोड किनारे नाले में एक टायर से जा धंसा। गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। इस दौरान यहां कई दुकानें भी क्षतिग्रस्त हो गई।
सीमेंट से भरा ट्रक एक्सप्रेस वे से होते हुए तेज रफ्तार में देहरादून में प्रवेश कर रहा था, तभी अनियंत्रित होकर तीन-चार कार और विक्रम टेम्पो समेत कुल छह वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। ट्रक के नाले में एक तरफ गिरने के कारण डीजल बहना शुरू हो गया था, जिससे बड़ी आग लगने की आशंका थी। मौके पर पहुंचे पुलिस और यातायात कर्मियों व अधिकारियों ने घेराबंदी करके ट्रैफिक और भीड़ को दूर करवाया, फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर बुलाई गई, तब जाकर खतरा टला। करीब ढाई घंटे में रोड को यातायात के लिए क्लियर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर अंकित कंडारी और आसपास के थानों के अधिकारी व यातायात पुलिस अधिकारी भी पहुंच गए। ट्रक चालक ने पुलिस को बताया कि उसे नींद की झपकी आई, तभी उसने सामने से एक ट्रक को बैक होते देखा, जिसके चलते वह ट्रक पर से अपना नियंत्रण खो बैठा।

नियंत्रण खोने के बाद ट्रक का एक पहिया सड़क किनारे नाले में चला गया और एक तरफ झुक गया, जिससे नाले की दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। दमकल टीम ने संभावित आग लगने की घटना को रोकने के लिए तत्काल बचाव कार्य किया। एसपी ट्रैफिक लोकजीत सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही तत्काल यातायात अधिकारियों को मौके पर भेजा और सड़कों को तुरंत क्लियर कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *