मेरठ के लाल डॉ.मयंक शर्मा का कमाल, बने देश के रक्षा लेखा महानियंत्रक
डॉ.मयंक शर्मा भारत के रक्षा लेखा महानियंत्रक बनाये गये हैं। 1 मार्च को उन्होंने अपना पदभार ग्रहण किया है। इस नई जिम्मेदारी के बाद उनके गृह क्षेत्र मेरठ में हर्ष का माहौल है।
डॉ. मयंक शर्मा ने भारत सरकार के विभिन्न विभागों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है, जिसमें रक्षा लेखा विभाग भी शामिल है। उन्होंने भारत सरकार के विभिन्न प्रमुख विभागों में कार्य किया है और महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए अपनी सेवाएं दी हैं।
डॉ. शर्मा ने कैबिनेट सचिवालय में भी प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। इसके अलावा, उन्होंने संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में ड्रग्स और अपराध, अपराध निवारण और आपराधिक न्याय आयोग, और संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय व्यापार कानून आयोग में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
डॉ.मयंक शर्मा मेरठ के सूरजकुंड के रहने वाले हैं। उनकी शुरूआती पढ़ाई केन्द्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस से हुई है। इसके बाद उन्होंने डीएन पीजी कालेज से स्नातक और चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। अहमदाबाद से से एमबीए करने के बाद आईआईटी दिल्ली से उन्होंने पीएचडी की।
रक्षा लेखा महानियंत्रक बनने के बाद डॉ.मयंक शर्मा डिफेंस अकाउंट डिपार्टमेंट के प्रमुख बन गये हैं। बता दें कि ये विभाग भारतीय सशस्त्र बलों और रक्षा संगठनों के वित्तीय मामलों की देखरेख करता है।