यूक्रेन से भारतीयों को लाने के लिये रवाना हुई एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट
यूक्रेन और रूस के बिगड़ते हालतों को देखते हुए भारत ने यूक्रेन समेत आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले भारतीयों के लिए निकासी अभियान शुरू कर दिया है। जिसके तहत आज सुबह एयर इंडिया की स्पेशल फ्लाइट यूक्रेन के लिए रवाना हो चुकी है। भारत ने इस अभियान के लिए 200 से ज़्यादा सीटों वाले ड्रीमलाइनर बी-787 विमान को तैनात किया है। जिसके साथ भारत सरकार फरवरी में 2 और उड़ानों का संचालन करेगी। जिसमे दूसरी फ्लाइट 24 फरवरी और तीसरी 26 फरवरी को यूक्रेन के लिए उड़ान भरेगी। इधर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् ने आपातकालीन बैठक बुलाई है। इस बैठक में भारत के स्थायी प्रतिनिधि टी एस त्रिमूर्ति ने कहा है कि रूसी संघ के साथ यूक्रेन की सीमा पर बढ़ता तनाव गहरी चिंता का विषय है। इन घटनाक्रमों में क्षेत्र की शांति और सुरक्षा खंडित होगी। उन्होंने कहा कि 20,000 से अधिक भारतीय छात्र और नागरिक यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में रह रहे हैं। भारतीयों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि भारत दोनों पक्षों को संयम बरतने के साथ कूटनीतिक प्रयास तेज करने पर जोर देता है।