चलती कार पर पहाड़ से गिरा बोल्डर, छू कर निकल गई मौत
पहाड़ का सफर न बरसात में सुरक्षित न गर्मी में और न सर्दियों में। जी हां चारधाम यात्रा मार्ग पर अब ऐसे कई जानलेवा डेंजर जोन बन गये हैं जहां पर कब मलबा पत्थर गिरने लग जाए किसी को पता नहीं।
कर्णप्रयाग- बदरीनाथ हाईवे पर भी ऐसा ही एक डेंजर जोन कमेड़ा का भूस्खलन जोन है। जहां एक बड़ा हादसा होने से बच गया। नगरासू से तेल भराने एक कार कमेड़ा आ रही थी। इस दौरान भूस्खलन क्षेत्र कमेड़ा में पहाड़ी से अचानक पत्थरों की बारिश होने लगे। पहले छोटे-छोटे पत्थर गिरने लगे। कार में उस वक्त तीन लोग सवार थे। खतरे का आभास होते ही कार सवार तीनों लोगों ने कार को छोड़कर भागने में भलाई समझी और वो कार से निकल गये।
कार छोड़ते ही एक बड़ा बोल्डर गिरा और उसने कार को चकनाचूर कर दिया। जरा सी देरी अगर होती तो कार सवार तीन लोगों को हाल क्या होता वो कार को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है।