Monday, April 29, 2024
उत्तराखंड

डीजीपी अशोक कुमार का वादा, आखिरी दम तक दूंगा पुलिस जवानों का साथ

देहरादून- ग्रेड पे को लेकर पुलिस जवानों की कथित नाराजगी के बीच उत्तराखण्ड के डीजीपी अशोक कुमार का बड़ा बयान सामने आया है। डीजीपी अशोक कुमार ने इस मामले में पुलिस के जवानों से हफवाहों पर ध्यान न देने की बात कही है। एक वीडियो संदेश जारी कर डीजीपी अशोक कुमार ने कहा है कि पुलिस के जवानों को 4600 ग्रेड पे देने की हर संभव कोशिश की जा रही है लिहाजा जवान भरोसा रखें। डीजीपी ने कहा कि वह आखिरी दम तक जवानों का साथ देंगे।

उत्तराखण्ड पुलिस के फेसबुक पेज में जारी किये गये बयान में डीजीपी अशोक कुमार ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वह देश की सबसे स्मार्ट और मानवतावादी पुलिस का नेतृत्व करते हैं। उत्तराखण्ड की पुलिस वह पुलिस है जिसने कोरोनाकाल में न जाने कितने जरूरतमंदों की मदद की है जिसकी आज पूरे देश में तारीफ भी होती है। डीजीपी ने कहा कि पुलिस विभाग से बाहर के कुछ लोग हैं जो ग्रेड पे को लेकर अफवाहें फैला रहे हैं। वह पुलिस के जवानों को भ्रमित करना चाहते हैं। ये लोग नहीं चाहते कि उत्तराखण्ड पुलिस की छवि अच्छी बने। पुलिस के जवान ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें।

डीजीपी अशोक कुमार ने आगे कहा कि 4600 ग्रेड पे दिलाने के लिये वह पूरी तरह सजग हैं। इसके लिये उन्होंने अपने स्तर पर लगातार प्रयास जारी रखे हुये हैं। वह खुद मुख्यमंत्री से मिले भी हैं और सीएम ने भी भरोसा दिलाया है। शासन स्तर पर इसके लिये एक कमेटी भी गठित की गई है। कोशिशें जारी हैं जल्द से जल्द कोई न कोई रास्ता खोज लिया जाएगा। डीजीपी ने कहा कि जवानों की सहमती से ही हम कोई निर्णय लेंगे। कहा कि वह आखिरी दम तक जवानों के साथ खड़े रहेंगे।

आपको बता दें कि पुलिस में ग्रेड पे घटाए जाने के मामले को लेकर सिपाहियों के विरोध की बात सामने आ रही है। कुछ दिल पहले सिपाहियों के काला मास्क पहनकर सोशल मीडिया पर फोटो भी वायरल हुए थे। इसे सरकार के प्रति शांतिपूर्वक विरोध की संज्ञा दी जा रही है। हालांकि आला अधिकारियों ने विरोध की बात से इनकार किया है। डीजीपी के अनुसार काला मास्क बैन नहीं है। वेतनमान के मामले में लगातार सरकार से बात की जा रही है।

बता दें कि पिछले दिनों कांस्टेबल के वेतनमान में कटौती संबंधी आदेश जारी किए गए थे। पहले 20 साल की संतोषजनक सेवा पर सिपाही को सब इंस्पेक्टर के बराबर 4600 रुपये का ग्रेड पे यानी वेतनमान दिया जाता था। जबकि, 30 साल की सेवा पर यह बढ़ाकर इंस्पेक्टर रैंक के बराबर 4800 रुपये कर दिया जाता है। नए आदेशों के अनुसार सिपाहियों को 20 साल की संतोषजनक सेवा पर 2800 रुपये ग्रेड पे दिए जाने की बात है।

इधर कल हुई राज्य कैबिनेट की बैठक पर पुलिस के जवानों की नजर थी। सभी को भरोसा था कि कैबिनेट बैठक में ग्रेड पे के प्रस्ताव पर सरकार फैसला लेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जिसके बाद बताया जा रहा है कि जवानों का रोष फिर से बढ़ गया है। ऐसे में अब उत्तराखण्ड के डीजीपी अशोक कुमार ने वीडियो जारी कर पुलिस के जवानों को भरोसा दिलाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *